भिंड :- कुलदीप सिंह||

बदमाश 10 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
भिंड:- शनिवार शाम सराफा दुकान में लूट करने वाले हथियार बंद बदमाशों को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में धर दबोचा है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस देर रात अटेर के बीहड़ पहुंची। यहां पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग हुई। दो आरोपियों के पैर में गोली लगी है। तीसरा फरार है।
दरअसल, शनिवार शाम करीब 7 बजे बदमाश सराफा व्यापारी आनंद सोनी की दुकान में घुस गए थे। यहां उन्होंने दो फायर किए, फिर व्यापारी पर कट्टा अड़ा दिया। व्यापारी से कहा, पुलिस से कह देना कि मुंबई में बहुत लूट की है। ये माया गैंग है। बदमाश 10 मिनट में सोना लूटकर बाइक से फरार हो गए।

तीन हथियारबंद बदमाश दुकान में घुसे और दो फायर कर व्यापारी पर कट्टा अड़ा दिया।
व्यापारी शाम को पूजा करने जा रहे थे
आनंद ज्वेलर्स के संचालक आनंद सोनी दुकान में शाम को पूजा करने की तैयारी में थे। वह लक्ष्मीजी की प्रतिमा पर अगरबत्ती लगा रहे थे। इसी दौरान आए तीन बदमाशों ने दो हवाई फायर किए। एक गोली दुकान की शटर में जाकर लगी। दो बदमाशों ने व्यापारी और उसके साथी पर कट्टा अड़ा दिया। तीसरे बदमाश ने दुकान में रखे लॉकर से माल समेट लिया

बदमाशों ने कट्टे से दो फायर किए। एक गोली दुकान की शटर में जा लगी।
उत्तरप्रदेश भागने की फिराक में थे बदमाश
जानकारी के मुताबिक, लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उत्तरप्रदेश सीमा की ओर भाग रहे थे। पुलिस ने पीछा करते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाश फायरिंग करते हुए अटेर किले की ओर भाग निकले।
पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आंसू श्रीवास और राकेश तोमर के रूप में हुई है। दोनों के पैरों में गोली लगी है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी असित यादव ने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस फरार एक और बदमाश की तलाश में जुटी हुई है।

घटना के बाद व्यापारी की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें घर लेकर चले गए।
व्यापरियों ने बंद कर ली थीं दुकानें
घटना के बाद आसपास के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर ली थी। लूट के बाद व्यापारी आनंद सोनी की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें घर ले गए। पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस और देहात पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी असित यादव समेत अन्य अधिकारी भी वहां पहुंचे। दुकान में लगे सीसीटीवी की डीवीआर जब्त कर ली गई..
द भारत 24 न्यूज़ भोपाल
Discover more from The Bharat 24 News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.